नागझिरी थाना क्षेत्र के शिप्रा विहार कॉलोनी में प्रेमिका के साथ रहने वाले युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड करने से पहले उसने प्रेमिका को फोन कर कहा कि वह फांसी लगाने जा रहा है। वह जब घर आई तो देखा कि प्रेमी उसकी चुन्नी का फंदा बनाकर पंखे से लटका है। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
नागझिरी थाने के एसआई लिवान कुजूर ने बताया कि आगर रोड स्थित दुर्गा कॉलोनी निवासी मनीष पिता गोपाल लोधी (30) शिप्रा विहार कॉलोनी में प्रेमिका के साथ रहता था। बुधवार की रात उसने फांसी लगा ली। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मनीष अपनी पहली पत्नी और दो बच्चों को छोड़कर बापूनगर निवासी विनीता के साथ शिप्रा विहार कॉलोनी में मकान नंबर 4/7 में किराए पर रहता था। दोनों हलवाई का काम करते हैं। बुधवार की रात मनीष घर पर था। विनीता काम पर गई थी। रात करीब 10 बजे मनीष ने विनीता को फोन कर कहा कि वह फांसी लगाने जा रहा है। यह सुनकर उसने मनीष को समझाने का प्रयास किया लेकिन उसने फोन काट दिया। विनीता बदहवासी की हालत में घर पहुंची तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर कमरे में मनीष पंखे से लटका था। गले में विनीता की चुन्नी का फंदा था। एसआई कुजूर के मुताबिक पूछताछ में पता चला कि मृतक पारिवारिक समस्याओं को लेकर काफी परेशान था। जांच में आत्महत्या के कारणों का पता चलेगा।